आज भारत जिस मुकाम पर खड़ा है उसमें डॉ. अंबेडकर का महत्वपूर्ण योगदान : सांसद गुप्ता

 


मंदसौर, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आज जिला स्तरीय कार्यक्रम कुशाभाऊ ठाकरे आडिटोरियम में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारत के संविधान को एक सशक्त, व्यवस्थित एवं समावेशी स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया। आज भारत जिस शक्ति और प्रतिष्ठा के साथ विश्व पटल पर खड़ा है, उसमें डॉ. अंबेडकर का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने समानता, न्याय और विकास की जो भावना संविधान में निहित की, उसी के अनुरूप देश निरंतर आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर सहित कलेक्टर अदिती गर्ग, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा आदिम जाति कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र एवं दो-दो लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। साथ ही अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को भी मंच से सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया