राजगढ़: डॉ. अंबेडकर के विचारों से समानता और न्याय की राह मजबूत : कलेक्टर
राजगढ़, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं और समानता व न्याय की राह को मजबूत करते हैं।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि मध्य प्रदेश की धरती पर जन्मे डॉ. अंबेडकर ने न केवल भारत, बल्कि विश्व को भी समानता, न्याय और मानवाधिकारों का मार्ग दिखाया। उन्होंने बताया कि वंचित वर्ग के उत्थान के लिए शासन-प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है और बाबा साहेब का जीवन दर्शन सभी के लिए प्रेरणा का केंद्र है।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत नृत्य से हुई, जिसमें शिल्पा नगर की बालिकाओं ने मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। साथ ही एलईडी स्क्रीन पर डॉ. अंबेडकर के जीवन और योगदान पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित जनों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने कहा कि डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न से सम्मानित किया गया है और उनकी भावनाओं के अनुरूप सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी वर्गों के लिए समानता और समृद्धि स्थापित करने के प्रयासों का उल्लेख किया।
भाजपा जिला महामंत्री देवीसिंह सोंधिया ने कहा कि संविधान निर्माता के रूप में डॉ. अंबेडकर का योगदान अतुलनीय है। वहीं मोना सुस्तानी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं और समाज में समानता स्थापित करने के लिए आरक्षण जैसी व्यवस्थाएं महत्वपूर्ण हैं।
पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा ने भारतीय समाज की एकता और समरसता पर बल देते हुए रामायण और महर्षि वाल्मीकि का उल्लेख किया। उन्होंने कलेक्टर की संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए “संवाद से समाधान” पहल को निरंतर जारी रखने की बात कही।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अपने संबोधन में यह भी बताया कि नीति आयोग के तहत संचालित विभिन्न अभियानों में जिले ने निर्धारित सूचकांकों पर अपने लक्ष्य प्राप्त किए हैं।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग निशा जैन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक