राजगढ़ः दो सप्ताह बाद बरसे मेघ, किसानों को मिली राहत,पिछले साल से काफी कम रही बारिश

 


राजगढ़, 03 सितम्बर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा व आसपास के क्षेत्रों में भादो माह की शुरुआत में गुरुवार सुबह से हुई बारिश ने किसानों और आम लोगों को बड़ी राहत दी। पिछले करीब दो सप्ताह से क्षेत्र में बारिश नहीं होने से किसान चिंतित थे। सुबह हुई 6 से 7 मिमी बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है और मौसम भी सुहाना हो गया है, लेकिन इस वर्ष बारिश के आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं।

जानकारी के अनुसार, ब्यावरा क्षेत्र में अब तक करीब 29.5 इंच बारिश दर्ज की गई है, जबकि पिछले वर्ष 3 सितंबर तक 77.2 इंच बारिश हो चुकी थी। इस प्रकार इस साल अब तक लगभग 47.7 इंच कम बारिश हुई है। जिले की बात करें तो अब तक औसतन 32.4 इंच वर्षा दर्ज हुई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि तक 48.5 इंच बारिश हुई थी। यानी जिले में करीब 16.1 इंच वर्षा की कमी बनी हुई है।

बारिश की कमी का असर खरीफ फसलों, विशेषकर सोयाबीन पर दिखाई देने लगा था। लंबे समय तक बारिश नहीं होने से खेतों में नमी घट रही थी और फसल की बढ़वार प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई थी। गुरुवार की बारिश से किसानों को कुछ राहत मिली है, हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि हल्की बारिश से पूरे सीजन की कमी पूरी नहीं हो सकेगी। फसलों की बेहतर बढ़वार और फूल-फलियों के विकास के लिए आने वाले दिनों में अच्छी और लगातार बारिश आवश्यक है। वहीं, आसपास के क्षेत्रों में हुई बारिश से नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। सुठालिया में पार्वती नदी का पानी पुल के समीप पहुंच गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार सितंबर की शुरुआत में बारिश का सिस्टम सक्रिय हुआ है,जिससे आगामी दिनों में और वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक