अनूपपुर: प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आशीर्वाद स्वरूप एक दिया अवश्य जलाएं - प्रभारी मंत्री

 




अनूपपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में गुरूवार को ‘सेवा से संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जो 17 अक्टूबर तक निरंतर चलेगा। प्रधानमंत्री ने अपने जीवन के 25 वर्षों में 13 वर्ष मुख्यमंत्री तथा 12 वर्ष प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा को समर्पित किए हैं। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है।

यह बात गुरुवार को प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार अमरकंटक के मेला मैदान में ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर सभी नागरिक अपने घर में आशीर्वाद स्वरूप एक दीप अवश्य जलाएं तथा उनके दीर्घायु की कामना करें।

प्रधानमंत्री की जन्मदिवस पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान मात्र औपचारिकताएं बनकर रह गया। प्रशासन ने जिला प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम तो आयोजित किया किन्तु प्रभारी मंत्री की आपाधापी में पूरा कार्यक्रम भाजपा का बन कर रहा गया, जनता का जुड़ाव नहीं देखा गया। इस दौरान हितग्राही के अलावा भाजपा नेता कार्यकर्ताओं के अलावा कोई नजर नहीं आया।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का ध्येय किसान, महिला, युवा एवं जनजातीय समुदाय के विकास के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच के अनुरूप सभी पात्र नागरिकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्के आवास उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिसके माध्यम से पात्र हितग्राहियों को निर्धारित सीमा तक निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलती है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिया जा रहा है। युवाओं के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, महिलाओं को लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि आज का युवा तेज गति से आगे बढ़ने वाला युवा है। सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर रही है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत पात्र बहनों को प्रतिमाह 1500 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से वितरित की जा रही है। सरकार का निरंतर प्रयास है कि विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाया जाए।

अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देश एवं प्रदेश को समृद्ध और खुशहाल बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आज ‘सेवा से संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान में सभी नागरिकों, किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं जनजातीय समुदाय की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए अपने-अपने घरों में आशीर्वाद स्वरूप एक दीप जलाने का आह्वान किया। भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने भी संबोधित किया।

इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने ‘सेवा से संकल्प अभियान’ की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता एवं जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के दौरान जिले के सभी 10 नगरीय निकायों तथा सभी जनपद पंचायतों के अंतर्गत आने वाले ग्रामों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें श्रमदान, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, दीप प्रज्वलन सहित अन्य जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियां शामिल रहेंगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को सेवा कार्यों से जोड़ते हुए जनभागीदारी को बढ़ावा देना है, ताकि जिलेभर में सामूहिक सहभागिता के साथ सेवा और सामाजिक दायित्व की भावना को मजबूत किया जा सके।

5.48 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण

अमरकंटक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कुल 5.48 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने जिला खनिज प्रतिष्ठान निधि मद से स्वीकृत अमरकंटक में उच्च विश्राम गृह भवन के 147.97 लाख रुपये के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही नल-जल योजना बिजौरी जिसकी लागत 90.28 लाख रुपये, आदिवासी कन्या छात्रावास पुष्पराजगढ़ जिसकी लागत 267.28 लाख रुपये तथा धरती आवा ग्राम सुआडांड में विद्युतीकरण कार्य जिसकी लागत 42.36 लाख रुपये का लोकार्पण किया।

हितलाभ का वितरण

प्रभारी मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के 18 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किया। इनमें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 1, वृद्धावस्था पेंशन योजना के 8, सीसीएल योजना के 1, संबल अनुग्रह योजना के 3, मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के 3 तथा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के 2 हितग्राही शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला