दमोह: कलेक्टर ने बैंकर्स को दिए सख्त निर्देश, सीएम हेल्पलाइन की अनदेखी पर नोटिस जारी
दमोह, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट प्रताप नारायण यादव ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में जिले के सभी बैंकर्स के साथ शासकीय योजनाओं, स्वरोजगार ऋणों और सीएम हेल्पलाइन से जुड़ी शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने कहा कि बेरोजगार युवाओं और स्वरोजगार के इच्छुक हितग्राहियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना प्रशासन और बैंकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का शीघ्र परीक्षण कर ऋण स्वीकृत किए जाएं, ताकि हितग्राही आत्मनिर्भर बन सकें और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें।
बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में सामने आया कि बैंकों से संबंधित 24 आवेदन ऐसे थे जिन्हें संबंधित बैंक अधिकारियों ने खोला तक नहीं था। इस लापरवाही पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित बैंकर्स को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रताप ने बताया कि “शासन की प्राथमिकताओं को बैंक अपनी प्राथमिकता बनाएं। हितग्राहियों को समय पर लाभ मिलना चाहिए और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।”
तिमाही आधार पर लक्ष्य पूरे करने के निर्देशकलेक्टर ने बैंकर्स को सलाह दी कि वे अपने वार्षिक लक्ष्यों को तिमाही आधार पर विभाजित करें और प्रत्येक तिमाही में अनुपातिक रूप से ऋण स्वीकृत करें। इससे वर्ष के अंत में कार्यभार का दबाव कम होगा और योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सकेगा।
बैठक में प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्वरोजगार योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना तथा टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना सहित कई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक सहित कुछ बैंकों ने लक्ष्यों की प्राप्ति में उल्लेखनीय कार्य किया है। विशेष रूप से अंत्यव्यवसायी योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य 100 प्रतिशत से अधिक पूरे किए गए हैं, जिसके लिए संबंधित बैंक अधिकारियों को बधाई और धन्यवाद दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव