राजगढ़ः एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान में जिले का देश-प्रदेश में प्रथम स्थान
राजगढ़, 7 अप्रैल(हि.स.)। स्वास्थ्य सुरक्षा और जनजागरूकता के क्षेत्र में राजगढ़ जिले ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। सर्वाइकल कैंसर से बेटियों को सुरक्षित करने हेतु चलाए जा रहे एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान में राजगढ़ जिला पूरे देश और मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। जिले ने निर्धारित लक्ष्य 15,942 बालिकाओं को शत-प्रतिशत टीकाकरण कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की। इस सफलता के केंद्र में कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा का सूक्ष्म प्रबंधन और अभियान को मिशन मोड में संचालित करने की रणनीति रही। 28 फरवरी से प्रारंभ हुए अभियान में कलेक्टर द्वारा प्रतिदिन ब्लॉक-वार समीक्षा की गई, जिससे सभी विभागों के बीच उत्कृष्ट तालमेल बना और परिणाम धरातल पर दिखाई दिए।
अभियान के दौरान टीके को लेकर कुछ परिवारों में भ्रम और आशंकाएँ थीं। इन्हें दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष जागरूकता गतिविधियाँ चलाईं। सकारात्मक वीडियो, तथ्य और बालिकाओं के वास्तविक अनुभव साझा कर लोगों के मन से भय दूर किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर जाकर एचपीवी टीके के वैज्ञानिक लाभों और कैंसर से सुरक्षा के महत्व को समझाया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल तथा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एल.पी. भकोरिया के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उत्कृष्ट कार्य किया। डॉ. भकोरिया ने मंगलवार को बताया कि जिले की सभी 15,942 बालिकाओं का सुरक्षित टीकाकरण पूरा किया गया और किसी भी बालिका में कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं देखा गया। यह न केवल स्वास्थ्य विभाग बल्कि आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और विज्ञान पर विश्वास जताने वाले अभिभावकों की सामूहिक सफलता है। राजगढ़ की यह उपलब्धि अब अन्य जिलों के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में उभरकर सामने आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक