डबरा में रास्ते को लेकर हुआ विवाद हिंसक, छर्रा लगने से घायल चालक ग्वालियर रेफर

 


ग्वालियर, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र में रास्ते में खड़ी कार को साइड करने के लिए कहना स्कूल बस चालक को भारी पड़ गया। कार सवार बदमाशों ने पहले चालक से विवाद किया और फिर बच्चों से भरी बस रुकवाकर उसे नीचे उतार लिया। आरोप है कि बदमाशों ने चालक के साथ मारपीट करने के बाद फायरिंग कर दी। गोली के छर्रे लगने से चालक घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इस दौरान बस में बैठे स्कूली बच्चे सहम गए। घायल चालक को उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। वारदात के बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गए।

रास्ता रोककर खड़ी थी कार, साइड करने पर भड़के कार सवार

घटना शनिवार को पिछोर थाना क्षेत्र के बड़ी अकबई गांव के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार ग्लोरी स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। बस की कमान चालक खेम सिंह के हाथों में थी। इसी दौरान रास्ते में एक कार खड़ी मिली, जिससे बस का आवागमन बाधित हो रहा था।

बस चालक ने कार सवारों से वाहन एक तरफ करने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद ने उग्र रूप ले लिया।

बस से उतारकर पीटा, फिर फायरिंग का आरोप

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, कार सवारों ने विवाद बढ़ने पर खेम सिंह को बस से नीचे उतार लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। आरोप है कि मारपीट के बाद बदमाशों ने चालक पर गोलियां चला दीं।

फायरिंग के दौरान छर्रा लगने से खेम सिंह घायल हो गए और जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई मारपीट और गोली चलने की आवाज से बस में बैठे बच्चे बुरी तरह डर गए। बच्चों के सामने हुई इस वारदात से मौके पर हड़कंप मच गया।

हालत गंभीर होने पर ग्वालियर भेजा गया

घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी कार लेकर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाने के साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ी

बच्चों से भरी स्कूल बस को रोककर चालक के साथ मारपीट और फायरिंग की घटना ने क्षेत्र में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों में भी इस वारदात को लेकर चिंता है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमले में कितने लोग शामिल थे। साथ ही विवाद के पीछे पुरानी रंजिश थी या महज कार हटाने को लेकर हुआ विवाद ही हिंसा में बदल गया, इसकी भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों को पकड़ने के साथ पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियार और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा