रायसेन में बर्खास्त पुलिसकर्मी का सड़क पर हंगामा, ट्रक के नीचे लेटकर किया हाईवोल्टेज ड्रामा
रायसेन, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन शहर के सांची रोड पर शुक्रवार दाेपहर को एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया। पुलिस लाइन के सामने वह अचानक एक ट्रक के नीचे जाकर लेट गया और चालक से खुद पर ट्रक चढ़ाने की बात कहने लगा। इस घटनाक्रम के चलते सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बर्खास्त पुलिसकर्मी नशे की हालत में सड़क पर हंगामा कर रहा था। इसी दौरान वह ट्रक के नीचे जाकर लेट गया। ट्रक चालक के लिए भी स्थिति असहज हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे समझाने और सड़क से हटाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। घटना के दौरान उसकी पत्नी और वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उसे समझाने की कोशिश की। कभी वह बीच सड़क पर हंगामा करने लगता तो कभी ट्रक के नीचे जाकर लेट जाता। उसकी हरकतों के कारण मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब आधे घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद लोगों की समझाइश पर वह सड़क से हटने को तैयार हुआ।
दोनों ओर लगी वाहनों की कतारें
पुलिस लाइन के सामने हुए इस हंगामे के कारण सांची रोड पर यातायात बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक भी पहुंची। काफी प्रयासों के बाद स्थिति सामान्य हुई और यातायात बहाल हो सका।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे