अनुशासन और समयबद्धता ही भाजपा की असली ताकत: अजय जामवाल
शिवपुरी के दिनारा, करैरा और सिरसौद मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग को किया संबोधित
भोपाल/शिवपुरी, 07 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने मंगलवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत शिवपुरी जिले के दिनारा, करैरा एवं सिरसौद मंडलों में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन और समय की पाबंदी ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है, जो न केवल संगठन को मजबूती देती है बल्कि समाज में विश्वसनीयता और सम्मान भी स्थापित करती है।
अजय जामवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब कार्यकर्ता अनुशासन के साथ अपने दायित्व निभाते हैं, तब संगठन अपने उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से प्राप्त करता है। उन्होंने पार्टी में समय-समय पर हुए परिवर्तन को अनुशासन का सर्वोत्तम उदाहरण बताते हुए कहा कि इन बदलावों ने देश की राजनीति और समाज को नई दिशा दी है।
कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने सिद्धांतों के प्रति दृढ़ रहता है और किसी भी परिस्थिति में उनसे समझौता नहीं करता। यही समर्पण और प्रतिबद्धता पार्टी की लगातार सफलता का आधार है। जामवाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे टीम भावना के साथ कार्य करते हुए पार्टी के मिशन को आगे बढ़ाएं और संगठन के उद्देश्यों को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
प्रशिक्षण वर्ग: निरंतर विकास की प्रक्रिया
उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग को एक सतत प्रक्रिया बताते हुए कहा कि यह केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व और संगठन को मजबूत बनाने का माध्यम है। इससे कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास, निष्ठा और कार्यकुशलता का विकास होता है, जिससे वे समाज में अधिक प्रभावी भूमिका निभा पाते हैं।
जनकल्याण के प्रति सरकारों की प्रतिबद्धता
अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार सहित देशभर की भाजपा सरकारें समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पहुंचकर योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करने और उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का आह्वान किया।
2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ते कदम
उन्होंने कार्यकर्ताओं से देश को वर्ष 2047 तक परम वैभव तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य करने का आग्रह किया और सेवा, समर्पण तथा संगठन के मूल मंत्र को अपनाने पर जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे