डिंडौरी में पिकअप पलटने से महिला मजदूर की मौत, 23 घायल, फसल कटाई से लौट रहे थे मजदूर

 


डिंडौरी, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के मेहदवानी थाना क्षेत्र अंतर्गत बदगिरि घाट पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य मजदूर घायल हो गए। सभी मजदूर मूंग की फसल कटाई के काम से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4 बजे बदगिरि घाट के पास हुआ। पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 20 जीबी 6379 में लगभग 25 मजदूर सवार थे। सभी मजदूर जबलपुर जिले के भेड़ाघाट के पास तिलवारी गांव में मूंग कटाई का काम पूरा कर अपने गांव भलवारा लौट रहे थे। इस दाैरान घाट पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में सुनारिन बाई पत्नी लामू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घायल मजदूर करण सिंह ने बताया कि मृतका उनकी मां थीं।

23 घायल, कई की हालत गंभीर

घायलों को तत्काल शहपुरा और मेहदवानी पुलिस की मदद से एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। कई मजदूरों को सिर, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। घायलों में पुष्पा, करण, सीमा, जय सिंह, मानिक, अनूप, सरोज, भगनी बाई, रोशनी, सबनी, फुलसी बाई, चमरलाल, आकांक्षा, तिजिया, इंद्रावती, रनिया, सहेज, राजेश, कविता, भगवती, शिवरतन, रीता और अमृत शामिल हैं।

चालक फरार, जांच जारी

पुलिस निरीक्षक एसएल मरकाम ने बताया कि हादसा बिछिया पुलिस चौकी क्षेत्र के पास हुआ है। जानकारी के अनुसार सभी मजदूर भलवारा गांव के निवासी हैं और पांच दिन पहले मूंग कटाई के लिए बाहर गए थे। मजदूरी के साथ वे फसल भी पिकअप में लेकर लौट रहे थे। तेज रफ्तार और घाटी क्षेत्र में नियंत्रण खोने को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे