दिग्विजय सिंह आज अयोध्या पहुंचकर भगवान श्रीरामलला के दर्शन करेंगे

 


भोपाल, 26 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आज गुरुवार को उत्तर प्रदेश के अयोध्या जाएंगे। वे यहां श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का दौरा कर श्री रामलला के दर्शन करेंगे। राम मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या की यह उनकी पहली यात्रा होगी।

दिग्विजय सिंह के भोपाल स्थित कार्यालय द्वारा जारी उनके दौरा कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह दिल्ली से एयर इंडिया की फ्लाइट से अयोध्या पहुंचेंगे और यहां भगवान श्रीराम के मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद वे सड़क मार्ग से लखनऊ जाएंगे।

गौरतलब है कि साल 2021 में दिग्विजय सिंह ने अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण के लिए एक लाख 11 हजार 111 रुपये का दान दिया था। उन्होंने यह चेक श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नाम से भेजा था। तब उन्होंने यह भी कहा था कि मंदिर के पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाने के बाद वे प्रार्थना करने के लिए अवश्य आएंगे। उनके कार्यालय ने जानकारी दी है कि मंदिर का मुख्य निर्माण कार्य अब लगभग पूरा हो चुका है, इसलिए वे अपना वादा पूरा करने के लिए अयोध्या जा रहे हैं।

दिग्विजय सिंह का ऐसा रहेगा पूरा कार्यक्रम

दिग्विजय सिंह दिल्ली से प्रस्थान कर सुबह 9:40 बजे अयोध्या पहुंचेंगे और दोपहर 1.30 बजे तक राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला और हनुमान गढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर