अनूपपुर: गणना पत्रक का डिजिटाइजेशन पहुंचा 97.48 प्रतिशत, लक्ष्य के करीब
मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्य 5 लाख 26 हजार 200 गणना पत्रक हुए डिजिटाइज्ड
अनूपपुर, 1 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की तीनो विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का कार्य कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षल पंचोली के दिशा निर्देशन में लक्ष्य के करीब पहुंच रहा है। जिले में 1 दिसंबर को शाम 4 बजे तक 5 लाख 26 हजार 200 मतदाताओं के गणना पत्रक डिजिटाइज्ड किए जा चुके हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में मतदाताओं की कुल संख्या 5 लाख 39 हजार 793 है। मतदान केन्द्रों में बीएलओ तथा उनके सहायक पूरे उत्साह के साथ गणना पत्रक का डिजिटाइजेशन कर रहे हैं। अब तक जिले में कुल 97.48 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य किया जा चुका है। विधानसभा अनूपपुर में लक्ष्य का 95.44 प्रतिशत, विधानसभा कोतमा में लक्ष्य का 97.33 प्रतिशत, विधानसभा पुष्पराजगढ़ में लक्ष्य का 99.40 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। अब तक विधानसभा क्षेत्र अनूपपुर में 173292 , विधानसभा क्षेत्र कोतमा में 149221, विधानसभा क्षेत्र पुष्पराजगढ़ में 203687 गणना पत्रक डिजिटाइज किए जा चुके हैं। मतदाताओं से बड़ी संख्या में गणना पत्रक प्राप्त हो गए हैं। ऐसे मतदाता जो अब तक बीएलओ को गणना पत्रक वापस नहीं किए हैं गणना पत्रक तत्काल बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की है। जिससे अनूपपुर जिले में शेष बचे मतदाताओं की मैपिंग कि डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला