दमोह:राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी की नई प्रशासनिक पहल, अब हर शनिवार होगी विशेष जनसुनवाई

 




दमोह, 20 जून (हि.स.)। आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी बनाने की दिशा में धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने एक नई पहल की शुरुआत की है। शनिवार को प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री ने अपने नोहटा स्थित निज कार्यालय में विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया और घोषणा की कि अब यह व्यवस्था प्रत्येक शनिवार नियमित रूप से संचालित की जाएगी।

राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने नोहटा कार्यालय में आयोजित पहली विशेष जनसुनवाई के दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि विशेष जनसुनवाई प्रत्येक शनिवार प्रातः 11 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित होगी। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे, ताकि प्राप्त आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

राज्यमंत्री ने कहा कि वे पूर्व से ही प्रतिदिन क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनते रहे हैं, लेकिन अब इस प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए शनिवार को विशेष जनसुनवाई दिवस के रूप में निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायतों और सुझावों का समयबद्ध निराकरण सरकार की प्राथमिकता है।

आज आयोजित पहली विशेष जनसुनवाई में क्षेत्र के नागरिकों द्वारा 20 से अधिक लिखित आवेदन प्रस्तुत किए गए, जबकि कई लोगों ने मौखिक रूप से भी अपनी समस्याएं रखीं। इनमें राजस्व, बिजली, पेयजल, सड़क, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा अन्य स्थानीय मुद्दों से संबंधित प्रकरण शामिल रहे।

जनसुनवाई में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक नागरिक की शिकायत का प्रभावी एवं पारदर्शी तरीके से निराकरण हो। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं और सुझावों के साथ प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई में शामिल होकर इस व्यवस्था का लाभ उठाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव