छिंदवाड़ाः धर्म और जनजागरण का संगम बनी चुनरी यात्रा, शामिल हुए भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव
छिंदवाड़ा, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में शनिवार को धार्मिक आस्था, सामाजिक जागरूकता और नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ मानकादेही खुर्द स्थित खेड़ापति माता मंदिर से मां हिंगलाज मंदिर तक भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई।
जनपद सदस्य कुबेर सिंह सूर्यवंशी एवं उनके मित्र मंडल द्वारा आयोजित इस यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव शामिल हुए। यात्रा के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ समाज को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ, संस्कारवान एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : शेषराव यादव
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति को प्रभावित करता है। नशामुक्त भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक इसकी जिम्मेदारी समझते हुए स्वयं नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी जागरूक करने का प्रयास करेगा। विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल, संस्कार और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से जनजागरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है। समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से नशे के विरुद्ध सकारात्मक वातावरण तैयार होगा। नशामुक्त परिवार ही स्वस्थ समाज की नींव है और स्वस्थ समाज से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सामाजिक चेतना और जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
चुनरी यात्रा के दौरान मां हिंगलाज के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए देशवासियों के सुख, शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की गई। साथ ही ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया गया, जहां युवा नशे से मुक्त हों, परिवार खुशहाल हों और प्रत्येक नागरिक स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन जी सके।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव के साथ धर्मेंद्र मिगलानी, गोपाल यदुवंशी, जुगल यादव, अनीश पटेल सहित अनेक धर्मप्रेमी बंधु शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan