धार: पीथमपुर में ट्रॉले की टक्कर से दो सगे भाइयों और मौसेरी बहन की मौत, स्कूल से लौट रहे थे तीनों

 


-चक्काजाम के कारण स्कूल बस नहीं पहुंचने पर बाइक से लेने गया था बड़ा भाई, हादसे के बाद ट्रॉला जब्त, चालक फरार

धार, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के पीथमपुर में गुरुवार दोपहर महू-नीमच मार्ग पर महेंद्रा ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्रॉले की टक्कर से बाइक सवार तीन स्कूली बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई प्रियांश और मोक्ष तथा उनकी मौसेरी बहन आरुषि रजक शामिल हैं। तीनों सेंट फ्रांसिस स्कूल से घर लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने ट्रॉला जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, उत्कर्ष आंगन कॉलोनी निवासी प्रियांश नौवीं कक्षा में पढ़ता था। वह गुरुवार को स्कूल नहीं गया था, लेकिन दोपहर में अपने छोटे भाई मोक्ष और मौसेरी बहन आरुषि को लेने स्कूल पहुंचा था। मोक्ष पांचवीं और आरुषि सातवीं कक्षा की छात्रा थी। तीनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी महेंद्रा ब्रिज के पास ट्रॉले की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद बाइक करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।

बाइक और स्कूल के दस्तावेजों से हुई पहचान

हादसे के बाद सड़क पर बच्चों के स्कूल बैग, किताबें और जूते बिखर गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाइक के नंबर, स्कूल आईकार्ड और अन्य सामान के आधार पर बच्चों की पहचान की गई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए पीथमपुर सिविल अस्पताल भेजा। पीथमपुर थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि ट्रॉला जब्त कर लिया गया है। चालक हादसे के बाद फरार हो गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर सेंट फ्रांसिस स्कूल प्रबंधन के सदस्य और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे।

चक्काजाम के कारण स्कूल बस नहीं पहुंची थी

परिजनों के मुताबिक, गुरुवार सुबह रॉयल टाउन कॉलोनी के करीब 500 परिवारों ने बिजली और पानी की समस्या को लेकर महू-नीमच मार्ग पर चक्काजाम किया था। इसके कारण स्कूल बस कॉलोनी तक नहीं पहुंच सकी। परिजनों का कहना है कि इसी वजह से प्रियांश अपने छोटे भाई और मौसेरी बहन को लेने स्कूल गया था। दोपहर में तीनों बाइक से लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया।

चार-पांच दिन से बिजली नहीं मिलने पर किया था प्रदर्शन

रॉयल टाउन कॉलोनी के रहवासियों का कहना है कि पिछले चार-पांच दिनों से बिजली आपूर्ति बंद थी। पानी की समस्या भी बनी हुई थी। रहवासियों के मुताबिक, कॉलोनी को बसे करीब 17 साल हो चुके हैं, लेकिन अब भी उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उनका दावा है कि वे हर महीने बिजली बिल का भुगतान करते हैं, इसके बावजूद आपूर्ति बाधित थी।

रहवासियों ने बताया कि बिजली-पानी की समस्या को लेकर कलेक्टर कार्यालय सहित संबंधित अधिकारियों के पास शिकायतें की गई थीं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसी के विरोध में गुरुवार सुबह लोग सड़क पर उतर आए और महू-नीमच मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान करीब तीन घंटे तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर रहवासियों से चर्चा की और ट्रांसफॉर्मर लगाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।

रेस्टोरेंट सील, कॉलोनी के विकास कार्यों की होगी जांच

प्रशासन के मुताबिक, कॉलोनी में बिना अनुमति संचालित जलपान रेस्टोरेंट को सील किया गया है। एसडीएम ने कहा कि कॉलोनी की विकास अनुमति और उसके तहत कराए गए कार्यों की जांच की जाएगी। अनियमितताएं मिलने पर कॉलोनाइजर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रहवासियों को मेंटेनेंस संबंधी कार्यों के लिए समिति बनाने की सलाह भी दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे