धार: पीथमपुर के स्क्रैप गोदाम में लगी भीषण आग, आसपास की कंपनियां भी चपेट में आईं, 7 दमकलें मौके पर

 


धार/पीथमपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के औद्योगिक नगर पीथमपुर के सेक्टर-3 स्थित अल्पा इंडस्ट्रीज के स्क्रैप गोदाम में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैली और आसपास की कंपनियों तक पहुंच गई। आसमान में उठते धुएं के गुबार दूर से दिखाई दिए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, औद्योगिक नगर पीथमपुर के सेक्टर-3 स्थित अल्पा इंडस्ट्रीज के स्क्रैप गोदाम में शनिवार सुबह आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैलने लगीं। देखते ही देखते आग ने आसपास की कंपनियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। औद्योगिक क्षेत्र में आग फैलने की सूचना से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास की कंपनियों में भी दमकल वाहनों को तैनात किया गया, ताकि लपटों को दूसरी औद्योगिक इकाइयों तक फैलने से रोका जा सके।

पीथमपुर थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे कंपनी में आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती सूचना में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।

आग की भयावहता को देखते हुए शुरुआत में दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। बाद में अतिरिक्त वाहन बुलाए गए। मौके पर महू और निजी कंपनियों सहित कुल सात दमकल वाहन तैनात किए गए। पीथमपुर क्षेत्र के तीनों थानों के थाना प्रभारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आग बुझाने के साथ ही आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई।

सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल के आसपास की सड़क सील कर दी गई, ताकि दमकलकर्मियों को काम करने में परेशानी न हो और लोग प्रभावित क्षेत्र में प्रवेश न करें। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, फिलहाल आग नियंत्रण में बताई गई है और उसे पूरी तरह बुझाने के प्रयास जारी हैं। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत