धनतेरस पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ नेताओं ने किया पूजन-अर्चन, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
भोपाल, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने गुरुवार को धनतेरस के पावन अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के सुख, स्वास्थ्य, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए धनतेरस एवं दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पहला सुख निरोगी काया माना गया है और स्वस्थ शरीर ही मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष विभाग के माध्यम से आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति को आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था के साथ जोड़कर भारतीय चिकित्सा परंपरा को नई पहचान और सम्मान मिला है। धनतेरस एवं भगवान धन्वंतरि जयंती का अवसर हमें प्रकृति, आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ने का संदेश देता है।
उन्होंने कामना की कि भगवान धन्वंतरि एवं माता लक्ष्मी की कृपा प्रदेश के प्रत्येक नागरिक पर बनी रहे। प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि का संचार हो तथा मध्यप्रदेश विकास और प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़े। उन्होंने मुरैना में भारतीय जनता पार्टी के नवीन कार्यालय के लोकार्पण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर एवं मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के क्षेत्र मुरैना के कार्यकर्ताओं को यह महत्वपूर्ण सौगात मिल रही है। उन्होंने मुरैना के सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि नवीन कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का केंद्र बनेगा।
देश और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुए, हर परिवार के जीवन में खुशहाली आए- हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि आज हम सभी ने प्रदेश कार्यालय में धनतेरस का पूजन कर प्रदेश की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के जीवन में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की है। हमारी प्रार्थना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित करे। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक सुखी, संपन्न और समृद्ध हो तथा जीवन में निरंतर आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों के जीवन में सुख एवं समृद्धि की सुमंगल दीपमालाएं सदैव प्रज्ज्वलित रहें।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री राजेन्द्र सिंह राजपूत, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र यादव, वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कॉर्पाेरेशन के अध्यक्ष संजय नगाइच, शैलेन्द्र शर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता सहित प्रदेश कार्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे