देवास के ग्राम शिप्रा के 40 फीट गहरे कुएं में मजदूर गिरे, तीन घायल, एक की हालत गंभीर

 


देवास, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले के ग्राम शिप्रा में शनिवार को एक खतरनाक हादसा हाे गया। यहां कुएं में काम करते समय पालकी का बेल्ट टूटने से तीन मजदूर करीब 40 फीट गहरे कुएं में जा गिरे। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी अनुसार मामला शनिवार दाेपहर का है। मजदूर कुएं से बांस निकालने के लिए पालकी में बैठकर नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान पालकी का बेल्ट टूट गया और तीन मजदूर रामचरण, पप्पू और संजू कुएं में जा गिरे। हादसे के समय कुएं में कोई सुरक्षा उपकरण मौजूद नहीं था।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीण और अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद तीनों को कुएं से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। मजदूरों ने बताया कि वे राजगढ़ जिले के निवासी है और ठेकेदार चौराहे से शिप्रा के समीप किसी गांव में ले गया था। मजदूरों ने बताया कि कुएं में काम बिना किसी सुरक्षा उपकरण के चल रहा था। पुलिस फिलहाल ठेकेदार के खिलाफ जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे