देवास में यात्री बस और चार पहिया वाहन की भिड़ंत, 10 यात्री घायल

 


कमानी पत्ता टूटने से अनियंत्रित हुई बस, भिलाई गांव के पास हुआ हादसा

देवास, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले के कुसमानिया- हरणगांव मार्ग पर सोमवार दोपहर एक यात्री बस और चार पहिया वाहन के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में करीब 10 लोग घायल हो गए। हादसा भिलाई गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यात्री बस का मुख्य कमानी पत्ता टूट जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसी दौरान सामने से आ रहे चार पहिया वाहन से बस की सीधी टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों की मदद की।

सूचना मिलते ही कन्नौद थाना प्रभारी तहजीब काजी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को डायल-112 और अन्य वाहनों की सहायता से कन्नौद के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही कन्नौद तहसीलदार संजय गर्ग और एसडीओपी आदित्य तिवारी भी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि बस कन्नौद से रवाना होकर कुसमानिया होते हुए ग्राम लाड़कुई जा रही थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे