देवास में प्याज से भरा मिनी ट्रक पलटा, तीन मजदूरों की मौत, दो गंभीर घायल
देवास, 17 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पीपलरावा थाना क्षेत्र के चौबाराधारा स्थित बेरखेड़ी फाटे के पास हुआ, जहां प्याज से भरा एक मिनी ट्रक यू-टर्न लेते समय अनियंत्रित होकर पलट गया।
जानकारी के मुताबिक, मिनी ट्रक में मजदूर प्याज की बोरियों के साथ पीछे बैठे हुए थे। यू-टर्न पर वाहन का संतुलन बिगड़ते ही ट्रक सड़क पर पलट गया और मजदूर भारी बोरियों के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पीपलरावा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। पुलिस ने ट्रक के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकालकर सोनकच्छ के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवाए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे