देवास के डायल-112 की सतर्कता और संवेदनशीलता से सुरक्षित लौटा मासूम

 


- घर से निकलकर रास्ता भटके 07 वर्षीय बालक को डायल-112 के जवानों ने परिजनों से मिलाया

भोपाल, 23 अप्रैल (हि.स.) । डायल-112 आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता और सुरक्षा का सशक्त माध्यम है। मध्य प्रदेश के देवास जिले में घर से निकलकर रास्ता भटके एक बालक को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाकर डायल-112 जवानों ने सराहनीय कार्य किया।

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, देवास जिले के थाना इंडस्ट्रियल एरिया क्षेत्र अंतर्गत बीराखेड़ी में गुरुवार को एक 07 वर्षीय बालक के भटक जाने की सूचना डायल-112 राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना इंडस्ट्रियल एरिया क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुँचकर डायल-112 स्टाफ आरक्षक विनोद डोडिया एवं पायलट दीपक दुबेने बालक को सुरक्षित संरक्षण में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में बालक अपने परिजनों के संबंध में जानकारी देने में असमर्थ था। डायल-112 जवानों ने संवेदनशीलता और धैर्य के साथ बालक की सुरक्षा सुनिश्चित की।

इसके पश्चात डायल-112 जवानों ने बालक को एफआरव्ही वाहन के साथ लेकर आसपास क्षेत्र में परिजनों की तलाश एवं पूछताछ की। स्थानीय नागरिकों से जानकारी प्राप्त हुई कि बालक के परिजन उसे खोजते हुए थाने पहुंचे हैं। तत्पश्चात डायल-112 टीम बालक को सुरक्षित थाने लेकर पहुँची। थाने में पहचान एवं सत्यापन उपरांत बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत