उज्जैन के काल भैरव मंदिर में मुंबई के श्रद्धालुओं ने दान किए 10 लाख के बैरिकेड्स

 


उज्जैन, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सावन मास की तैयारियों के बीच भगवान काल भैरव मंदिर में श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था सुगम बनाने के लिए मुंबई निवासी मनीष पांचाल और समीर पांचाल ने रविवार को 10 लाख रुपये के बैरिकेड्स दान किए हैं।

दानदाताओं ने यह राशि नकद न देते हुए सीधे 10 लाख रुपये की लागत से बैरिकेड्स बनवाकर मंदिर समिति को भेंट किए हैं। बैरिकेड्स दान करने की यह प्रक्रिया एसडीएम एलएन गर्ग, पटवारी महेश देपन, प्रबंधक संध्या मारकंडे और व्यवस्थापक अनिल बोरासी की देखरेख में संपन्न हुई।

इस दौरान एसडीएम एलएन गर्ग ने मंदिर परिसर का ओचक निरीक्षण कर सावन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सफाई व्यवस्था का लाइव निरीक्षण किया। साथ ही मंदिर में पेयजल, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने और अतिक्रमण हटाने के संबंध में जिम्मेदारों को आवश्यक निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल