श्रद्धालु सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता, विकास कार्यों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मिले गति: उप मुख्यमंत्री शुक्ल
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने माँ शारदा लोक के प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की
भोपाल, 04 मई (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने साेमवार काे मंत्रालय में माँ शारदा लोक के प्रस्तावित समग्र विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से पूर्ण किए जाएँ। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए और परियोजना के माध्यम से स्थानीय नागरिकों की आर्थिक गतिविधियों को सशक्त एवं सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि समस्त कार्यों की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर कार्यों को गति दी जाए।
माँ शारदा लोक में मुख्य मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं का विस्तार, पार्किंग व्यवस्था, ग्रीन एरिया डेवलपमेंट, सोलर सिस्टम, वेस्ट मैनेजमेंट, पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम, धर्मशालाओं का विकास, आगमन सीढ़ियों एवं वापसी मार्ग का भीड़ के अनुसार वैज्ञानिक प्रबंधन, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण, सुदृढ़ सर्विलांस सिस्टम तथा आरामदायक वॉकिंग सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके साथ ही परिक्रमा मार्ग के सौंदर्यीकरण का कार्य भी प्रस्तावित है। बैठक में दूल्हा देव मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं सेवाओं के उन्नयन, दूल्हा देव बावली के संरक्षण एवं पुनरुद्धार, तथा आल्हा-उदल तालाब एवं अखाड़ा परिसर के समग्र विकास पर भी चर्चा की गई। इसमें आल्हा-उदल के जीवन से जुड़ी घटनाओं का रोचक एवं आकर्षक प्रस्तुतीकरण किए जाने का प्रस्ताव शामिल है, जिससे यह स्थल श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षण का केंद्र बन सके।
सरसी रिसोर्ट को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने सेवाओं का करें विस्तार
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने निर्देश दिए कि शहडोल स्थित सरसी रिसोर्ट को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने हेतु आवश्यक सेवाओं के विस्तार एवं उन्नयन का विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाए। साथ ही, पुरवा फॉल क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए भी ठोस कार्ययोजना बनाकर शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य अभियंता, मध्यप्रदेश पर्यटन दिलीप श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री एमपीटी अमित तिवारी सहित विभागीय अधिकारी एवं कंसल्टेंट उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे