ब्यावरा में ट्रामा सेंटर की तैयारी तेज करने के निर्देश, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने ली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी

 


राजगढ़,1 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के मंत्री राजेंद्र शुक्ला रविवार को अशोकनगर के दौरे पर जाते समय ब्यावरा में कुछ समय के लिए रुके। इस दौरान भोपाल बाइपास चौराहा स्थित हाइवे ट्रीट के सामने उनका स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा स्वागत किया गया।

इस मौके पर डॉ. शोभा पटेल, सिविल अस्पताल अधीक्षक डॉ. सौरिन दत्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री को जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पतालों की स्थिति से अवगत कराया।

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने ब्यावरा सिविल अस्पताल के लिए स्वीकृत ट्रामा सेंटर के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने ट्रामा सेंटर में आवश्यक मशीनरी, उपकरणों और स्टाफ की उपलब्धता के बारे में पूछा। साथ ही स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की नियुक्ति की स्थिति पर भी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सीएचएमओ डॉ. शोभा पटेल ने उपमुख्यमंत्री से ट्रामा सेंटर को जल्द शुरू कराने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि यदि आवश्यक मशीनरी और विशेषज्ञ उपलब्ध हो जाएं तो ट्रामा सेंटर शुरू किया जा सकता है, जिससे क्षेत्र के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या, सीजर और सामान्य डिलीवरी की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें अस्पतालों में मरीजों की संख्या और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन से जुड़ी जानकारी दी।

सीएचएमओ ने इस दौरान जिले में चिकित्सकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि जिले में विशेषज्ञ डॉक्टरों के कुल 79 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से केवल 17 पदों पर ही डॉक्टर कार्यरत हैं, जबकि 62 पद अभी भी खाली हैं। वहीं चिकित्सा अधिकारियों के 100 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में सिर्फ 44 डॉक्टर कार्यरत हैं और 56 पद रिक्त पड़े हैं।

डॉ. पटेल ने यह भी बताया कि जिले से पांच से छह डॉक्टरों का चयन स्नातकोत्तर डिग्री के लिए हो गया है, जिससे फिलहाल स्टाफ की कमी और अधिक महसूस हो रही है। इस पर उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि भविष्य में मेडिकल कॉलेज बनने के बाद स्टाफ की कमी काफी हद तक पूरी हो जाएगी। उन्होंने विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती के संबंध में भी सकारात्मक पहल का भरोसा दिया।

उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ब्यावरा में स्वीकृत ट्रामा सेंटर के लिए आवश्यक स्टाफ, मशीनरी और अन्य जरूरी उपकरणों की विस्तृत मांग सूची तैयार कर भेजी जाए। उन्होंने कहा कि जैसे ही डिमांड लेटर प्राप्त होगा, आवश्यक मशीनों की उपलब्धता और स्टाफ की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने सीएचएमओ को आश्वासन दिया कि जिले में विशेषज्ञ और चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति जल्द कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक