सावन में अमरकंटक के सोनमुड़ा की बदहाली बनी चिंता, टूटी रेलिंग और उखड़ी टाइल्स से बढ़ा हादसे का खतरा

 






अनूपपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले स्थित धार्मिक एवं पर्यटन नगरी अमरकंटक में सावन मास के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के बीच प्रमुख पर्यटन स्थल सोनमुड़ा की जर्जर हालत चिंता का विषय बन गई है। सुरक्षा रेलिंग टूटने, टाइल्स उखड़ने और अन्य सुविधाओं के क्षतिग्रस्त होने से यहां दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।

करीब एक दशक पहले लगभग 15 लाख रुपये की लागत से सोनमुड़ा का सौंदर्यीकरण कराया गया था। लेकिन नियमित रखरखाव के अभाव में अब इसकी कई संरचनाएं क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। सीढ़ियों के दोनों ओर लगी लोहे की रेलिंग कई स्थानों पर टूट गई है, जबकि कुछ हिस्सों से पूरी तरह गायब हो चुकी है। वहीं उखड़ी हुई टाइल्स के कारण श्रद्धालुओं और पर्यटकों के फिसलने का खतरा बना हुआ है।

सोनमुड़ा में बनाए गए कैंटीलीवर (दर्शक मंच) के पास लगी स्टील की सुरक्षा ग्रिल भी कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके अलावा सौंदर्यीकरण के दौरान स्थापित प्रकाश व्यवस्था के कई खंभे भी टूटे या उखड़े पड़े हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार वर्ष 2021 से अब तक प्रसाद योजना के तहत अमरकंटक में लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। इसके बावजूद कई स्थानों पर सुविधाएं समय से पहले जर्जर हो रही हैं। उनका कहना है कि पहले ग्लास ब्रिज की प्रकाश व्यवस्था को भी बंदरों द्वारा नुकसान पहुंचाने के बाद सुधार का दावा किया गया था, लेकिन स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं दिख रहा है।

सावन के दौरान मां नर्मदा मंदिर, जलेश्वर महादेव धाम सहित छत्तीसगढ़ के रतनपुर और भोरमदेव महादेव जाने वाले बड़ी संख्या में श्रद्धालु अमरकंटक पहुंचते हैं। ऐसे में सोनमुड़ा की मौजूदा स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोग समय रहते मरम्मत कार्य कराने की मांग कर रहे हैं, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

नगर परिषद अमरकंटक के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) चैन सिंह परस्ते ने बताया कि क्षतिग्रस्त रेलिंग की मरम्मत शीघ्र कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां-जहां टाइल्स उखड़ गई हैं, वहां उन्हें भी बदला जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला