उप मुख्यमंत्री देवड़ा के सख्त निर्देश, तत्काल बंद करें अवैध अहाते, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

 


- उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी आबकारी अधिकारियों को दिये निर्देश

भोपाल, 15 सितम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने आबकारी विभाग के संभागीय उपायुक्तों को सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में तत्काल अवैध रूप से संचालित सभी अहाते बंद कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आबकारी नीति में अहातों को प्रतिबंधित किया गया है, इसके बावजूद यदि किसी जिले में दुकानों के आसपास बिना अनुमति मदिरा का सेवन कराया जा रहा है, तो संबंधित लाइसेंसधारियों के साथ संबद्ध अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए।

उप मुख्यमंत्री देवड़ा मंगलवार को आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों और आबकारी अपराधों की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सागर जिले की घटना अत्यंत दुःखद है और इसकी पुनरावृत्ति किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। दोबारा ऐसी घटना होने पर जिम्मेदारों के विरूद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कियें जाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई करेंगे। बैठक में प्रमुख सचिव अमित राठौर, आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना एवं सभी संभागीय उपायुक्त उपस्थित थे। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि अधिकारियों को पदोन्नति के साथ बड़ी जिम्मेदारी मिली है। अपेक्षा है कि सभी अधिकारी पूरी दक्षता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

अवैध शराब के उत्पादन से लेकर बिक्री तक पर करें सख्त निगरानी

उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने अवैध मदिरा के उत्पादन, संग्रहण और विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश देते हुए कहा कि सभी उत्पादन इकाइयों पर विशेष निगरानी रखी जाए। आदतन आबकारी अपराधियों पर कड़ी नजर रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किए जाएं। उन्होंने पुलिस विभाग के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने तथा विभागीय सूचना तंत्र को मजबूत कर अधिक से अधिक सूचनाएं प्राप्त करने के निर्देश दिए।

ओवररेटिंग पर करें तत्काल कार्रवाई

उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने मदिरा दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर मदिरा विक्रय यानी ओवररेटिंग को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने की शिकायतों पर तत्काल जांच कर कार्रवाई करे। अवैध गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने के लिए अविलंब टोल-फ्री नंबर जारी करने की कार्रवाई करें।

पवित्र नगरीय क्षेत्रों में शराब बिक्री पर रोक का कड़ाई से पालन करवायें

उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने शासन द्वारा निर्धारित धार्मिक स्थलों एवं पवित्र नगरीय क्षेत्रों के आसपास मदिरा विक्रय पर रोक का कड़ाई से पालन कराने को कहा। उन्होंने मंदसौर, जबलपुर और नर्मदापुरम सहित विभिन्न स्थानों से प्राप्त शिकायतों का उल्लेख करते हुए अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनप्रतिनिधियों से संवाद और शिकायतों का त्वरित समाधान

उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने सभी आबकारी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से निरंतर संवाद बनाए रखने तथा आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आबकारी अपराधों पर नियंत्रण, अवैध गतिविधियों की रोकथाम और शासन के निर्देशों के पालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत