देवरी सत्याग्रह: 10वें दिन भूख हड़ताल पर बैठे राजा गुप्ता की तबीयत बिगड़ी, राजस्व विभाग की बेरुखी बरकरार
सागर, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिला अंतर्गत देवरी तहसील में मुक्तिधाम की समस्या को लेकर चल रहा सत्याग्रह अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। शनिवार को आंदोलन के 10वें दिन भूख हड़ताल पर बैठे प्रमुख प्रदर्शनकारी राजा गुप्ता का स्वास्थ्य अचानक खराब हो गया।
राजा गुप्ता की स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही देवरी सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों की एक टीम धरना स्थल पर पहुंची। चिकित्सकों ने राजा गुप्ता का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें उचित उपचार की सलाह दी । हालांकि, सत्याग्रहियों का हौसला अभी भी डगमगाया नहीं है और वे अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
हैरानी की बात यह बताई गई है कि पिछले 10 दिनों से यह सत्याग्रह शांतिपूर्ण ढंग से जारी है, लेकिन राजस्व विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी अब तक प्रदर्शनकारियों की सुध लेने नहीं पहुंचा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि मुक्तिधाम की भूमि के निराकरण के लिए वे लंबे समय से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही।
प्रमुख मांगें
मुक्तिधाम की भूमि का सीमांकन और स्थायी निराकरण । राजस्व अभिलेखों में सुधार और अतिक्रमण मुक्त परिसर।
जिम्मेदार अधिकारियों की मौके पर उपस्थिति और ठोस आश्वासन।
आंदोलनकारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर आकर समस्या का समाधान नहीं करते, यह सत्याग्रह और भूख हड़ताल जारी रहेगी। राजा गुप्ता के बिगड़ते स्वास्थ्य ने स्थानीय जनता के बीच प्रशासन के खिलाफ नाराजगी को और अधिक बढ़ा दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे