घने कोहरे में स्कूल बस और ऑटो की टक्कर में चालक की मौत; दो महिलाएं गंभीर

 




अनूपपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक थाना क्षेत्र में शनिवार को घने कोहरे के कारण स्कूल बस और ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। अमरकंटक-ज्वालेश्वर मार्ग पर हुए इस हादसे में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। स्कूल बस में सवार बच्चे और अन्य यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार अमरकंटक के कपिल संगम निवासी 50 वर्षीय सतीश जायसवाल ऑटो में यात्रियों को बैठाकर अमरकंटक से ज्वालेश्वर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पोड़की की ओर से अमरकंटक आ रही सरस्वती शिशु मंदिर की स्कूल बस से ज्वालेश्वर मार्ग पर ऑटो की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में सतीश जायसवाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

ऑटो में सवार 23 वर्षीय मीनाक्षी मरावी निवासी टिकरी टोला, अमरकंटक और 55 वर्षीय ललिता कीर निवासी पिपरिया, जिला नर्मदापुरम घायल हुई हैं। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बारिश के बाद छाया था घना कोहरा

अमरकंटक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. रानू सारीवान के अनुसार घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी। सुबह बारिश के बाद मार्ग पर धुंध छाई हुई थी। इसी वजह से दोनों वाहनों के चालकों को सामने से आ रहा वाहन दिखाई नहीं दिया और आमने-सामने टक्कर हो गई।

चिकित्सक ने बताया कि दोनों घायल महिलाओं के हाथ-पैर में फ्रैक्चर की आशंका है। चोटों की वास्तविक स्थिति एक्स-रे के बाद स्पष्ट होगी। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

स्थानीय लोगों ने पहुंचकर बचाया

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अमरकंटक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हादसे में स्कूल बस में सवार बच्चों और अन्य यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी है।

अमरकंटक थाना प्रभारी मानिम टोप्पो ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वाहन जब्ती सहित नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला