अनूपपुर: महाविद्यालय तक बस और सड़क की मांग, छात्रों ने रीवा - अमरकंटक मार्ग में किया चक्का जाम, अश्वासन पर किया समाप्त
अनूपपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम मुख्यालय से 4 किलोमीटर दूर रीवा-अमरकंटक मार्ग पर सोमवार को एनएसयूआई छात्रसंघ के बैनर तले पुष्पराजगढ़ महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी दो मुख्य मांगों को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं विद्यार्थियों के प्रदर्शन से मुख्य मार्ग से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई और दूर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि प्रदर्शन को देखते मौके पर पहुंची राजेंद्रग्राम पुलिस और पुष्पराजगढ़ तहसीलदार ईश्वकर प्रधान के विद्यार्थियों को मनाने का प्रयास किया लेकिन छात्रों ने लगभग 3.5 घंटे के बाद तहसीलदार के अश्वासन पर धरना समाप्त किया।
छात्र संघ की मांग के अनुसार बताया जाता है कि इस वर्ष नवीन सत्र के दौरान 17 सितंबर से पुष्पराजगढ़ महाविद्यालय का संचालन राजेंद्रग्राम स्थित पुराने भवन से स्थनांतरित कर नवीन भवन में संचालित किया गया था। जो मुख्य मार्ग से लगभग 700 मीटर दूर पहाड़ी की ऊंचाई वाले हिस्से पर बनाया गया है, जहां आवागमन की सुविधा के लिए सड़क निर्माण नहीं कराया गया है। बारिश के दौरान भी कीचड़युक्त सड़क से लोगो को आना-जाना करते हैं। वहीं सबसे बड़ी समस्या राजेंद्रग्राम से महाविद्यालय तक लगभग 4-5 किलोमीटर दूर वीरान स्थल तक पहुंच के लिए छात्रों के लिए प्रबंधक की ओर से अबतक कोई बस सुविधा नहीं दी गई है, जिससे छात्रों को मार्ग से गुजरने वाले वाहनों एवं बसों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे काफी पैसा खर्च होता है। आर्थिक रूप से कमजोर छात्र पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। छात्रों ने पहले भी बस सुविधा के लिए कई बार प्रदर्शन किया है, लेकिन जिला प्रशासन और महाविद्यालय प्रबंधन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
महाविद्यालय प्राचार्य संगीता मसीह ने बताया कि मुख्य मार्ग से महाविद्यालय तक शासन से 14.21 लाख की राशि से ग्रेवल सड़क निर्माण के लिए स्वीकृत है, हाल के दिनों में बारिश के कारण निर्माण कार्य संभव नहीं था, जिसे देखते हुए कलेक्टर द्वारा निर्देशित कर बीटी रोड की वैकल्पिक व्यवस्था बनाई गई है, जिसपर अब सड़क का काम कराया जाना है। बस के लिए प्रावधान नहीं है,इसे जनभागीदारी व्यवस्था के तहत संचालित किया जाता है, छात्रों के साथ बातचीत के लिए बैठक तय की गई है, जिसमें बातचीत के उपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी विरेन्द्र वरकड़े ने बताया कि छात्रों द्वारा प्रर्दशन की सूचना एसडीएम पुष्पराजगढ़ को दी गई थी, हालांकि सड़क जाम की कोई अनुमति पहले से नहीं ली हुई थी, इन पर संवैधानिक कार्यवाही की जा सकती है।
पुष्पराजगढ़ तहसीलदार ईश्वर प्रधान ने ने कहा कि छात्रों से चर्चा के दौरान कहा गया कि स्थानीय बस संगठन एवं महाविद्यालय प्रबंधन से चर्चा कर समस्या के समाधान के प्रयास किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला