मंदसौर में चाकूबाजी के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग: सर्व समाज पहुंचा एसपी कार्यालय
मंदसौर, 01 जुलाई (हि.स.)। शहर की प्रभा विहार कॉलोनी में 27 जून की रात हुए जानलेवा हमले के मामले में बुधवार को सर्व समाज और माली समाज के प्रतिनिधियों ने एसपी विनोद कुमार मीना के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सीएसपी जितेंद्र भास्कर को दिया गया। इसमें आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। दरअसल, 27 जून की रात करीब 10:30 बजे प्रभा विहार कॉलोनी में मनोज प्रजापत, उनके पिता सत्यनारायण प्रजापत और परिवार पर पड़ोसी जाबिर उर्फ जाबिर बादर, जिशान बादर और रेहाना उर्फ रानू बादर ने कथित तौर पर गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी और चाकू से हमला किया था। हमले में मनोज प्रजापत के सीने में चाकू लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उनके पिता सत्यनारायण प्रजापत के सिर पर ईंटनुमा पत्थर से हमला किया गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जाबिर अक्सर शराब के नशे में घर के बाहर बैठकर गाली-गलौज करता था। घटना वाले दिन भी महिलाओं के सामने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने से मना करने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने पूरे परिवार पर हमला कर दिया। परिवार की महिलाओं, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल थी, के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। ज्ञापन देने पहुंचे सर्व समाज और माली समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह घटना केवल एक परिवार पर हमला नहीं, बल्कि क्षेत्र की कानून व्यवस्था और सामाजिक शांति के लिए गंभीर चुनौती है। उनका कहना है कि गंभीर धाराओं में मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है। उन्होंने आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ये रखीं प्रमुख मांगें
ज्ञापन में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, पुलिस रिमांड लेकर गहन पूछताछ, विवेचना के दौरान आवश्यक अतिरिक्त धाराएं जोड़ने, आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच और आदतन अपराधी घोषित करने की कार्रवाई की मांग की गई है। इसके अलावा आरोपियों की अवैध गतिविधियों, अवैध हथियार, नशीले पदार्थों के कारोबार और आर्थिक गतिविधियों की जांच कराने की भी मांग की गई। संगठनों ने आरोपियों की संपत्तियों, अवैध निर्माण और अतिक्रमण की जांच, अपराध में सहयोग करने वालों पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार और गवाहों को सुरक्षा देने, प्रभा विहार कॉलोनी में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की भी मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि किसी समाज, वर्ग या समुदाय विशेष को निशाना बनाना उद्देश्य नहीं है। मांग केवल दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष, त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस पहले ही आरोपी पक्ष के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर चुकी है। सीएसपी जितेंद्र कुमार भास्कर ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच भी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया