अनूपपुर: भालूमाड़ा-कोतमा मार्ग के निर्माण की मांग जर्जर सड़क के लिए अनशन, सड़क पर रखी प्रशासन की सांकेतिक अर्थी
अनूपपुर, 07 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा-कोतमा मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर गुरुवार को स्थानीय ग्रामीणों और शिवसेना कार्यकर्ताओं ने एटीएम भालूमाड़ा के पास प्रशासन की सांकेतिक अर्थी रख प्रदर्शन कर जर्जर सड़क के कारण हो रही परेशानियों पर रोष जताये हुए अनशन किया। अधिकारियों के जल्द काम शुरू कराने के आश्वासन के बाद अनशन समाप्त हो गया।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि भालूमाड़ा से कदमटोला होते हुए कोतमा तक की सड़क लंबे समय से खराब है। इस मार्ग से भालूमाड़ा, दरसागर, पयारी, भाद और बरबसपुर सहित कई गांवों के करीब 30 से 40 हजार लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। सड़क की जर्जर हालत के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और बच्चों के स्कूल जाने में भारी असुविधा हो रही है। प्रदर्शन के दौरान कॉलरी प्रबंधन और प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ सांकेतिक अर्थी रख प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतमा तहसीलदार दशरथ सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि कॉलरी प्रबंधन तीन दिनों के भीतर सड़क सुधार का कार्य शुरू करेगा और नगरपालिका पसान द्वारा पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। इस ठोस भरोसे के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन वापस लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला