दिल्ली में छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में भाेपाल में एनएसयूआई ने फूंका प्रधानमंत्री का पुतला

 


भोपाल, 21 जुलाई (हि.स.)। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को एनएसयूआई ने राजधानी भाेपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की निष्पक्ष जांच और छात्रों की मांगों पर विचार करने की मांग की।

प्रदर्शन में एआईसीसी कॉर्डिनेटर एवं एनएसयूआई के राष्ट्रीय सह-प्रभारी डॉ. अंशुल त्रिवेदी, एनएसयूआई मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे तथा दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के उपाध्यक्ष राहुल झांसला सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।

इस अवसर पर डॉ. अंशुल त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं, पेपर लीक और अन्य मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के सवालों का जवाब देने के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने नीट परीक्षा से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।

एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े विवादों ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और बेहतर शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि एनएसयूआई छात्रों और युवाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के उपाध्यक्ष राहुल झांसला ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों और युवाओं को अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि संगठन छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों को आगे भी उठाता रहेगा।

प्रदर्शन में एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार, आदित्य सोनी, राज पटेल, जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-युवा मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे