राजगढ़ः दो बाइकों की भिड़ंत में पत्नी की मौत पति गंभीर घायल

 


राजगढ़, 20 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा-सिरोंज राजमार्ग पर सुठालिया थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह दुर्घटना सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे सुठालिया रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां दो बाइक आमने-सामने नहीं बल्कि पीछे से टकरा गईं। जानकारी के अनुसार सुठालिया निवासी मुकेश वर्मा (42) अपनी पत्नी राधाबाई (40) के साथ किसी रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी बाइक, जिसका नंबर एमपी 39 एमटी 4630 बताया जा रहा है, के चालक मनोज कुशवाहा ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए ब्यावरा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही राधाबाई ने दम तोड़ दिया। वहीं मुकेश वर्मा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला के शव को सुठालिया के शासकीय अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया है,जहां मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक