राजगढ़ः तीसरी मंजिल से गिरने से आठ साल के बालक की मौत

 


राजगढ़, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर की अवधपुरी कॉलोनी में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 8 साल के बच्चे की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। हादसे के समय मां चार महीने के छोटे बेटे के साथ कमरे में सो रही थी, जबकि पिता बाल कटवाने के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान बच्चा कमरे की कुंडी खोलकर बाहर निकला और खेलते हुए मकान की छत पर पहुंच गया। नीचे गिरने पर परिजन उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार रिशु (8) पुत्र जीतू शिवहरे अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ वार्ड 8 स्थित किराए के मकान में रहता था। रविवार दोपहर करीब 1ः30 बजे वह कमरे से निकलकर तीसरी मंजिल पर पहुंच गया। यहां से नीचे गिरने पर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। बाद में परिजन शव अंतिम संस्कार के लिए ले गए।

जन्म से थी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी, रखते थे निगरानी

परिजनों के अनुसार रिशु की जन्म से ही मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसलिए माता-पिता उसे हमेशा अपनी निगरानी में रखते थे। घर में काम करते समय या बाहर जाते समय कमरे की कुंडी लगा देते थे, ताकि वह अकेले बाहर न जा सके। घटना के दौरान मां छोटे बेटे के साथ सो गई थी, इसी बीच रिशु कुंडी खोलकर बाहर निकल गया। मृतक के पिता मूल रूप से शिवपुरी जिले के गिलोदरा गांव के निवासी हैं। परिवार करीब सात साल से ब्यावरा में रह रहा है और तीन-चार महीने पहले ही अवधपुरी कॉलोनी में आया था। सिटी थाना प्रभारी शिवराज सिंह चैहान ने बताया कि बच्चे की छत से गिरने से मौत की जानकारी मिली है। परिजनों ने थाने में सूचना नहीं दी और पोस्टमार्टम भी नहीं कराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक