राजगढ़ः तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार 7 साल की बच्ची की मौत, पिता घायल

 


राजगढ़, 20जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें 7 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके पिता को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने गुस्से में कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार, ग्राम महाबल जोड़ के पास यह हादसा हुआ। प्रेमपुरा निवासी देवीसिंह पुत्र मांगीलाल तंवर अपनी बेटी मोंटी के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में देवीसिंह घायल हो गए, जबकि उनकी 7 वर्षीय बेटी मोंटी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर 112 डायल की टीम मौके पर पहुंची और घायल देवीसिंह को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि हादसे की खबर लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बच्ची की मौत से नाराज लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर दी। बाद में पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने कार को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक