राजगढ़ में भीषण सड़क हादसा, डंपर से टकराई अर्टिगा; पति-पत्नी और मां की मौत

 


राजगढ़, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मंगलवार अलसुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सारंगपुर थाना क्षेत्र में ग्राम मऊ के समीप शिमला होटल के सामने महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन जा रही अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े खराब डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार पति-पत्नी और उनकी मां की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद शाजापुर रेफर किया गया। कार की पिछली सीट पर बैठे दोनों बच्चे सुरक्षित हैं।

पुलिस के अनुसार धौलपुर से उज्जैन की ओर जा रही अर्टिगा कार का चालक आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर क्रमांक एमपी 04 एचएफ 5797 के चालक की ओर वाले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में सोमा (65) पत्नी सुनील त्रिवेदी, अंकुर (42) पुत्र सुनील त्रिवेदी और अर्चना (40) पत्नी अंकुर त्रिवेदी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं कार चालक अब्दुल पुत्र आबिद खान और निहाल (22) पुत्र अतुल तिवारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को प्रारंभिक उपचार के बाद शाजापुर भेजा गया है।

एक कार में सवार थीं तीन पीढ़ियां

बताया गया है कि हादसे के समय कार में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां सवार थीं। आगे चालक के पास अंकुर बैठे थे। बीच वाली सीट पर चालक के पीछे अंकुर के भतीजे निहाल के साथ सोमा और अर्चना बैठी थीं। पिछली सीट पर अंकुर के दोनों बेटे अंश (14) और तेजस (10) सवार थे। हादसे के बाद दोनों बच्चे सुरक्षित पाए गए।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही सारंगपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी के अनुसार तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक