राजगढ़ः खेत में बकरी चरा रहे 10 वर्षीय बालक पर जंगली सुअर का हमला, गंभीर घायल

 




राजगढ़, 06 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम गणेशपुरा में सोमवार को खेत में बकरी चरा रहे 10 वर्षीय बालक पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया। हमले में बालक के चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम गणेशपुरा निवासी राधेश्याम (10) पुत्र भागचंद तंवर अपनी मां के साथ खेत पर बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान झाड़ियों से निकले एक जंगली सुअर ने अचानक बालक पर हमला कर दिया। इससे पहले कि परिजन कुछ समझ पाते, सुअर ने उसके चेहरे और हाथ पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। बालक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर जंगली सुअर को वहां से भगाया। इसके बाद परिजन घायल बालक को तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली सुअरों की संख्या लगातार बढ़ रही है और वे खेतों में पहुंचकर फसलों के साथ-साथ लोगों पर भी हमला कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली सुअरों के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक