राजगढ़ः खेत पर गए सरपंच प्रतिनिधि की कुएं में गिरने से मौत

 




राजगढ़, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत इटावा की सरपंच के पति एवं सरपंच प्रतिनिधि 48 वर्षीय संतोष परमार की कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार ग्राम इटावा निवासी संतोष पुत्र रामचंद्र परमार शनिवार शाम को खेत पर गए थे। देर रात तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजन उन्हें तलाशते हुए खेत पर पहुंचे। वहां कुएं में संतोष घायल अवस्था में मिले। उनके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें थीं। कुएं में पानी कम था। परिजनों ने उन्हें कुएं से बाहर निकाला और तत्काल सिविल अस्पताल सारंगपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि संतोष किन परिस्थितियों में कुएं में गिरे। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगा रही है। संतोष की पत्नी शांताबाई ग्राम पंचायत इटावा की सरपंच हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक