राजगढ़ः पेंशन लेकर लौट रहे बुजुर्ग की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत
राजगढ़,4 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर नेवज नदी की छोटी पुलिया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें पेंशन लेकर घर लौट रहे एक बुजुर्ग की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार 62 वर्षीय विक्रमसिंह पुत्र भंवरसिंह राजपूत, निवासी रावतपुरा, बैंक से पेंशन निकालकर लौट रहे थे। वे पुलिया के समीप खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में विक्रमसिंह को मुंह और सिर पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक