राजगढ़ः अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत
राजगढ़, 25 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के छापीहेड़ा थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर अज्ञात चालक के खिलाफ गैर- इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात करीब 1 बजे की है। स्टेट हाईवे 752-सी पर संडावता और खंजरपुर के बीच तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सड़क किनारे खेत में जा गिरी, जिसमें सवार मां-बेटे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए, तो उन्होंने सड़क किनारे बाइक और खेत में शव पड़े देखे। ग्रामीणों ने तत्काल छापीहेड़ा पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की पहचान छतरसिंह (36) पुत्र सिद्धनाथ नागर निवासी बरखेड़ा थाना खिलचीपुर और उनकी मां लक्ष्मीबाई नागर (65) के रूप में हुई है। बताया गया कि मां-बेटा ग्राम चिड़वालिया में आयोजित शादी समारोह से वापस लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया। हादसे में मृत छतरसिंह अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें दो बेटियां (15 और 8 वर्ष) तथा 10 वर्ष का एक बेटा शामिल है। ग्रामीणों और परिजनों में घटना को लेकर गहरा शोक है। पुलिस मामले की जांच कर फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक