शहडोल में खेत में मिला नर हाथी का शव, करंट से मौत की आशंका, वन विभाग और पुलिस ने शुरू की जांच

 


शहडोल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के देवलोंद थाना क्षेत्र के चंदोली गांव में मंगलवार को एक खेत में नर हाथी मृत मिला। शुरुआती जानकारी में हाथी की मौत बिजली के करंट की चपेट में आने से होने की आशंका जताई गई है। बताया जा रहा है कि हाथी बोरवेल के पास पहुंचा था। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि खेत में करंट कैसे फैला और हाथी किन परिस्थितियों में इसकी चपेट में आया। बिजली व्यवस्था में किसी तकनीकी खामी या अन्य कारण से करंट फैलने की आशंका की जांच की जा रही है। हाथी की मौत के वास्तविक कारण और इसके लिए जिम्मेदारी तय करने की स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों की बढ़ रही परेशानी

हाथी की मौत की घटना से एक दिन पहले बाणसागर क्षेत्र की जगमल पंचायत के सेझहरी गांव के ग्रामीणों ने हाथियों के झुंड की आवाजाही से होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाया था। ग्रामीणों के मुताबिक, शाम होते ही हाथियों का झुंड गांव के आसपास पहुंच जाता है। इससे कच्चे मकानों और खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचता है।

ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की आवाजाही के दौरान बिजली बंद किए जाने से गांव में अंधेरा छा जाता है। ऐसी स्थिति में उन्हें रात के समय लाठी और मशाल लेकर पहरा देना पड़ता है। हाथियों की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों को अपनी और अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना पड़ता है।

जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में हाथियों के झुंड की आवाजाही

देवलोंद और बाणसागर क्षेत्र के जंगलों तथा पहाड़ी इलाकों में पिछले कुछ वर्षों से एक दर्जन से अधिक हाथियों के झुंड की आवाजाही की जानकारी सामने आती रही है। हालांकि, चंदोली गांव में मृत मिला नर हाथी इसी झुंड का हिस्सा था या किसी अन्य क्षेत्र से यहां पहुंचा था, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग की जांच के बाद ही हाथी की मौत के कारणों और उससे जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला