उज्जैन नवोदय विद्यालय के हॉस्टल से लापता दो छात्रों में से एक का तालाब में मिला शव, दूसरे की तलाश जारी

 


उज्जैन, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के घट्टिया थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के हॉस्टल से लापता दो छात्रों में से एक का शव मंगलवार सुबह स्कूल के पास एक तालाब में मिला। जबकि दूसरे छात्र की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।

जानकारी के अनुसार, जवाहर नवोदय विद्यालय के हॉस्टल से सोमवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में दो छात्र लापता हो गए थे। जब दोनों छात्र अपने कमरों में नहीं मिले, तो स्कूल प्रबंधन ने घट्टिया थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। थाना प्रभारी करण खोवाल और पुलिस बल ने रात में ही सीसीटीवी फुटेज खंगालने और साथी छात्रों से पूछताछ शुरू की, लेकिन रातभर दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका। मंगलवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने स्कूल की बाउंड्री से लगे तालाब में एक शव उतराता हुआ देखा, जिसकी शिनाख्त 15 वर्षीय प्रज्ञान विमल के रूप में की गई, जो 10वीं का छात्र था। इस घटना के बाद से पूरी तरह आवासीय कहे जाने वाले नवोदय विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और वार्डन की निगरानी पर गंभीर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं कि दो नाबालिग छात्र देर रात हॉस्टल की सुरक्षा लांघकर बाहर कैसे निकल गए।

नदी-तालाबों में खोजबीन के लिए पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दूसरे लापता छात्र रोशन बरेठा (14) की तलाश तेज कर दी है। रोशन कक्षा 9वीं का छात्र है। मृतक प्रज्ञान तीन बहनों का इकलौता भाई था और उसके माता-पिता का पहले ही देहांत हो चुका था। पिता के निधन के बाद बड़ी बहन को मिली अनुकंपा नियुक्ति के सहारे ही प्रज्ञान अपनी बहन के साथ रहकर यहां पढ़ाई कर रहा था।

फिलहाल, पुलिस ने प्रज्ञान के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यदि विद्यालय प्रबंधन या हॉस्टल वार्डन की स्तर पर कोई लापरवाही साबित होती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत