(अपडेट) उज्जैन नवोदय विद्यालय के हॉस्टल से लापता दूसरे छात्र का भी मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

 




उज्जैन, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के घट्टिया थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के हॉस्टल से लापता हुए दोनों छात्रों के शव मिल गए हैं। 10वीं के छात्र प्रज्ञान विमल का शव मंगलवार सुबह तालाब में तैरता मिला था, जिसके बाद चले रेस्क्यू ऑपरेशन में करीब 21 घंटे बाद 9वीं के छात्र रोशन बरेठा का शव भी एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने ढूंढ निकाला।

जानकारी के अनुसार, जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर के पास स्थित तालाब में डूबे दोनों नाबालिग छात्रों की तलाश पूरी हो गई है, लेकिन इसका अंत बेहद दुखद रहा। सोमवार देर शाम हॉस्टल से लापता हुए दोनों छात्रों में से 15 वर्षीय प्रज्ञान विमल का शव मंगलवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों की मदद से पानी पर उतराता हुआ बरामद किया गया था। इसके बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की संयुक्त टीम ने दूसरे छात्र की खोज के लिए तालाब में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। घटना के करीब 21 घंटे बाद आखिरकार 14 वर्षीय रोशन बरेठा का शव भी पानी की गहराइयों से ढूंढ निकाला गया। पुलिस ने दोनों शवों को मर्चुरी भेज दिया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

इस हादसे के बाद से पूरी तरह से सुरक्षित और आवासीय कहे जाने वाले नवोदय विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और बेहद गुस्से में नजर आ रहे परिजनों ने आरोप लगाया है कि हॉस्टल में रात्रिकालीन उपस्थिति, वार्डन की मुस्तैदी और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में भारी लापरवाही बरती गई, जिसके चलते दो नाबालिग बच्चे देर रात हॉस्टल की सुरक्षा लांघकर बाहर निकल गए और इस हादसे का शिकार हो गए।

घट्टिया थाना प्रभारी करण खोवाल ने बताया कि दोनों बच्चे सोमवार शाम से लापता थे और स्कूल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने रातभर सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उनकी खोजबीन की थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यदि इस पूरे घटनाक्रम में स्कूल प्रबंधन या जिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही उजागर होती है, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत