अनूपपुर: अडाणी पावर प्लांट के पास मिला कंपनी कर्मचारी का शव
अनूपपुर, 20 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र क्षेत्र के अंतर्गत मझटोलिया गांव में अडानी पावर कंपनी से लगभग 100 मीटर दूर एक खेत में कंपनी कर्मचारी का शव मिलने से दहशत फैल गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय पिंटू राजवार निवासी झारखंड के रूप में हुई है, जो कल दोपहर से लापता था। शुरुआती जांच में दाहिने हाथ पर निशान मिलने से जहरीले जीव के काटने की आशंका जताई जा रही है।
कल दोपहर से था लापता
जानकारी के अनुसार पिंटू राजवार निवासी ग्राम कुदरम (झारखंड), अडानी के शापूर्जी कंपनी में कार्यरत था। उसके साथियों ने बताया कि पिंटू कल दोपहर से अचानक गायब हो गया था, जिसकी काफी खोजबीन की गई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह उसका शव मनटोलिया स्थित एक खेत में पड़ी मिली।
थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि सुबह ग्रामीणों से शव मिलने की सूचना मिली थी। प्राथमिक तौर पर इसे हत्या नहीं मान रही है, क्योंकि मृतक के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, और न ही गले पर किसी तरह का निशान पाया गया है। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि पिंटू राजवाड़े लगभग डेढ़ माह पहले ही काम के सिलसिले में बिजुरी के मझटोलिया स्थित अडानी पावर कंपनी आया था। वह यहां किसी ठेकेदार के अधीन काम कर रहा था। शव के दाहिने हाथ की कलाई और अंगूठे के पास गहरे निशान मिले हैं। अंदेशा है कि किसी जहरीले जंतु के काटने से उसकी मौत की आशंका है।
पुलिस विवेचना में यह भी सामने आया है कि युवक शराब पीने का आदी था। शव की अकड़ने की स्थिति को देखते हुए पुलिस का अनुमान है कि युवक की मौत सोमवार दोपहर से रात के बीच हुई होगी। फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ठेकेदारों और कंपनी कर्मचारियों से भी मामले से संबंधित अन्य बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला