(अपडेट) खरगोन जिले के महेश्वर में नर्मदा के तेज बहाव में बहे इंदौर के युवक का मिला शव, 9 घंटे चला रेस्क्यू

 


खरगोन, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर स्थित सहस्त्रधारा घाट पर स्नान के दौरान नर्मदा नदी के तेज बहाव में रविवार काे इंदौर का युवक बह गया था। पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीम ने गहन सर्च अभियान चलाया, जिसके बाद साेमवार शाम युवक का शव मिला।

जानकारी के अनुसार, इंदौर के निपानिया क्षेत्र के निवासी अर्पित हाड़ा (30) रविवार को अपनी पत्नी पूजा, 3 वर्षीय बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ महेश्वर घूमने आए थे। महेश्वर दर्शन के उपरांत शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच पूरा परिवार जलकोटी स्थित सहस्त्रधारा पहुंचा। नर्मदा नदी में स्नान करने के दौरान अचानक अर्पित का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी व उफान मारती तेज धारा की चपेट में आ गए। उन्हें बहता देख पत्नी और भाई चीख-पुकार मचाते रहे, लेकिन पानी के विकराल रूप, अत्यधिक गहराई और पथरीली चट्टानों की वजह से वहां मौजूद नाविक या स्थानीय लोग नदी में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सके।

एसडीआरएफ और गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन, 9 घंटे बाद मिला शव

घटना की सूचना मिलते ही महेश्वर पुलिस, होमगार्ड की रेस्क्यू टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। रविवार देर रात तक चले तलाशी अभियान को अंधेरा होने के कारण रोकना पड़ा। सोमवार सुबह एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने नावों की मदद से नर्मदा के विभिन्न कुंडों और बहाव वाले इलाकों में दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। घटना के करीब 9 घंटे बाद सोमवार शाम 5 बजे घटनास्थल के समीप से ही अर्पित का शव मिला। पुलिस के अनुसार, परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी। मृतक अर्पित अपने पीछे पत्नी और मासूम बच्चे को छोड़ गए हैं।

तीन महीने में डूबने की चौथी घटना

इस दुखद हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे अनजान या गहरे व तेज बहाव वाले स्थानों पर स्नान करने से बचें। बता दें कि जलकोटी-सहस्त्रधारा क्षेत्र में पिछले तीन महीनों के भीतर डूबने की यह चौथी घटना है। बार-बार हो रहे हादसों को देखते हुए एसडीएम पूर्वा मंडलोई ने बताया कि इस जोखिम भरे क्षेत्र में स्थायी गोताखोरों और पुलिस बल की स्थायी तैनाती के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत