मध्य प्रदेश में दिन का पारा 6.6 डिग्री तक लुढ़का, रातें अब भी गर्म, 4 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट

 




भोपाल, 01 नवम्बर (हि.स.) । चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से मध्य प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिन के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, वहीं रात का तापमान अब भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। प्रदेश में अगले चार दिन तक आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। हालांकि, नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं।

भोपाल विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी के कारण ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में ठंडी हवाएं पहुंच रही हैं। इसके चलते यहां अधिकतम तापमान में 6.2 से 6.6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। अमरकंटक, रीवा, सतना, पचमढ़ी, करौंदी, उमरिया, ग्वालियर और दतिया में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। इसके उलट प्रदेश के कई संभागों में रात का तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। इंदौर, चंबल, रीवा और सागर-जबलपुर संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया। वहीं भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन और ग्वालियर में यह अंतर 4.8 डिग्री तक पहुंच गया है।

विदिशा में घना कोहरा, दृश्यता 50 मीटर

प्रदेश में बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच रविवार सुबह विदिशा में घना कोहरा छाया रहा। यहां दृश्यता घटकर महज 50 मीटर रह गई। सड़कों पर आगे का रास्ता साफ दिखाई नहीं देने के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा। हाईवे और खुले रास्तों पर भी लोगों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ी।

अगले चार दिन ऐसा रहेगा मौसम

प्रदेश में अगले चार दिन तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। दिन के तापमान में गिरावट बनी रहेगी, जबकि रातें अपेक्षाकृत गर्म रहेंगी। इस दौरान कई इलाकों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की संभावना है। रविवार को सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी ओर भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर सहित कई जिलों में धूप खिलने का अनुमान है।

24 घंटे में 26 जिलों में हुई बारिश

चक्रवाती तूफान के असर से पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के 26 जिलों में बारिश दर्ज की गई। इनमें जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, नर्मदापुरम, राजगढ़, शिवपुरी, ग्वालियर, भिंड और दतिया शामिल हैं। मौसम के इस बदलाव के बीच मुरैना में हवा की रफ्तार 31 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत