राजगढ़ः देवशयनी एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
राजगढ़,25 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर शनिवार को आस्था के विराट संगम का साक्षी बना। सुबह मंगला आरती के साथ शुरू हुए दर्शन पूरे दिन अनवरत चलते रहे। मंदिर समिति के अनुसार, दिनभर में बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर और आसपास के मार्ग जय श्री श्याम के जयघोषों से गूंज उठे, जिससे पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में रंग गया।
मालवा अंचल सहित आसपास के गांवों और शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित मंदिर पहुंचे। एकादशी पर बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो ताजे फूलों से दरबार को मनमोहक रूप दिया गया। रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा, आकर्षक फूलों की सजावट और सुगंधित वातावरण ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।दिनभर विशेष पूजन,भजन-कीर्तन और महाआरती का आयोजन होता रहा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों और आसपास के गांवों से निकली भव्य निशान यात्राओं ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते मंदिर पहुंचे और बाबा श्याम को निशान अर्पित किए। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति, जिला प्रशासन, पुलिस, नगर सुरक्षा समिति और स्वयंसेवकों ने सुरक्षा एवं यातायात की व्यापक व्यवस्थाएं की थीं।सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था के चलते पूरे दिन श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक बाबा श्याम के दर्शन किए और आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। हिंदू मान्यता के अनुसार देवशयनी एकादशी से भगवान विष्णु चार माह के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं और इसी के साथ चातुर्मास का शुभारंभ होता है। इस अवधि में विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्य स्थगित रहते हैं, जो देवउठनी एकादशी के बाद दोबारा शुरू होते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक