शहडोल : बेटियों के सपनों को मिली उड़ान, आशी सोनी ने क्रिकेट में बढ़ाया मान

 


- कक्षा छठवीं से क्रिकेट के मैदान में शुरू किया सफर, मेहनत और लगन से राज्य स्तरीय अंडर-19 प्रतियोगिता में बनाई जगह

शहडोल , 26 नवंबर (हि.स.)। बेटियां आज शिक्षा के साथ खेल सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य का परिचय दे रही हैं। शहडाेल जिले के जयसिंहनगर शासकीय सांदीपनि विद्यालय की कक्षा 11वीं की होनहार छात्रा आशी सोनी ने अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के दम पर शालेय राज्य स्तरीय अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर विद्यालय, परिवार और जयसिंहनगर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। आशी की यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण और बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर देने की प्रेरक मिसाल है।

आशी सोनी पिता अनिल सोनी, निवासी वार्ड क्रमांक 7 जयसिंहनगर की रहने वाली हैं। उन्होंने कक्षा छठवीं से ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। शुरुआती दिनों से ही क्रिकेट के प्रति उनकी रुचि और खेल के प्रति समर्पण लगातार बढ़ता गया। पढ़ाई के साथ नियमित अभ्यास और निरंतर मेहनत ने उनकी प्रतिभा को निखारा। इसी का परिणाम है कि आज उन्होंने राज्य स्तरीय अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई है।

आशी का चयन केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि क्षेत्र की उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना चाहती हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि बेटियों को यदि प्रोत्साहन, उचित मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के अवसर मिलें तो वे किसी भी क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकती हैं। खेल के माध्यम से आशी ने यह साबित किया है कि आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर प्रयास से सफलता की नई राह बनाई जा सकती है।

विद्यालय के प्राचार्य राजीव कुमार तिवारी एवं मेन्टर शिश्बू यादव ने आशी सोनी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

कलेक्टर पार्थ जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम् प्रजापति, उपायुक्त जनजातीय कार्य जेपी यादव तथा सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य आनंद राय सिन्हा ने भी आशी सोनी की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में बेटियों की भागीदारी उनके आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देती है।

आशी के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने से विद्यालय में उत्साह का माहौल है। उनकी यह उपलब्धि अन्य छात्राओं को भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे आने और खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने की प्रेरणा दे रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला