दतिया: कार्यकर्ता ही पार्टी की मजबूती का आधार- डॉ. नरोत्तम मिश्रा

 


दतिया, 22 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के कारण ही भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। यह बात पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को दतिया विधानसभा महासंगम कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।

पटवारी फार्म हाउस पर आयोजित सम्मेलन में डॉ. मिश्रा ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर संगठन को मजबूत बनाने में जुटा रहता है। हजारों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ता पार्टी की मजबूती और संगठन की शक्ति का प्रमाण हैं।

कार्यक्रम में आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि डॉ. नरोत्तम मिश्रा का साल, श्रीफल, पगड़ी और प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा ने की, जबकि संचालन गोविंद ज्ञानानी ने किया।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राधाकांत अग्रवाल, जिला महामंत्री अतुल भूरे चौधरी, डॉ. राजू त्यागी, भगवान सिंह कुशवाहा, पार्षद अक्कू दुबे, बृजेश यादव, प्रशांत ढेगुला, प्रवीण पाठक, मानसिंह कुशवाहा, किरण गुप्ता सहित भाजपा पदाधिकारी, विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा