दतिया : क्षतिग्रस्त बंधों के पुनर्निर्माण की मांग, विधायक घनश्याम सिंह ने नगरीय प्रशासन सचिव से की मुलाकात
दतिया, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक घनश्याम सिंह शहर की लंबित जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर सक्रिय हैं। बुधवार को उन्होंने भोपाल में नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव बीएस जामोद से मुलाकात कर दतिया के प्राचीन लाला का तालाब और तरन तारन तालाब के क्षतिग्रस्त बंधों के पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग की। इस दौरान वरिष्ठ पार्षद मुन्ना खां और संतोष लिटोरिया भी मौजूद रहे।
विधायक ने बताया कि दोनों तालाबों को जोड़ने वाला बंध टूटने के कारण दतिया शहर की निचली बस्तियों में गंभीर समस्या उत्पन्न हुई है और हजारों लोग प्रभावित हो चुके हैं। उन्होंने इस संबंध में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव के नाम पत्र भी सौंपा।
पत्र में विधायक ने उल्लेख किया कि जुलाई-अगस्त 2024 में हुई अतिवृष्टि के दौरान नगर पालिका परिषद दतिया और जिला प्रशासन की कथित लापरवाही के चलते करीब 400 वर्ष पुराने लाला का ताल और तरन तारन तालाब के बंध क्षतिग्रस्त हो गए थे। बंध टूटने के बाद शहर की निचली बस्तियों में बाढ़ जैसे हालात बन गए थे।
लाला का तालाब का बंध टूटने से मत्स्य पालन विभाग का कार्यालय एवं हैचरी, विद्युत विभाग का कार्यालय और पावर हाउस, लोक निर्माण विभाग की कॉलोनी, ठंडी सड़क, बालक छात्रावास, अमन कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में पानी भर गया था। इसके चलते सैकड़ों मकानों को भी नुकसान पहुंचा था। विधायक ने कहा कि प्रभावित लोगों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है और समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि दोनों ऐतिहासिक तालाबों के बंधों की मरम्मत नहीं होने से बरसात के मौसम में खतरा बना हुआ है। वर्तमान में भी बारिश का दौर जारी है और किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की स्थिति निर्मित हो सकती है। ऐसी स्थिति में शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी तय होगी।
विधायक घनश्याम सिंह ने मांग की कि जनहित को देखते हुए दोनों तालाबों के बंधों के पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की तकनीकी स्वीकृति सिंचाई विभाग अथवा लोक निर्माण विभाग जैसे सक्षम विभागों से कराई जाए और इसके बाद प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद इस बड़े कार्य को अपने स्तर पर कराने में सक्षम नहीं है। विधायक ने कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।
हिन्दुस्थान समाचार/संतोष
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा